असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 04 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दमण का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम लगभग 6:15 बजे दमण स्थित नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दमण में स्थित नमो अस्पताल राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। फिर शाम लगभग 7:15 बजे प्रधानमंत्री दमण में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, समर्पण और शिलान्यास करेंगे। दमण से ही पीएम मोदी केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। नया भारत थीम पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी स्वामी विवेकानंद खेल मैदान नानी दमण में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर केंद्रशासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल, जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी एवं हजारों नागरिक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री केंद्रशासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के लिए लगभग 2,970 करोड़ की लागत वाली 56 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, नागरिक उड्डयन, पर्यटन, आधारभूत संरचना, संपर्क सुविधा तथा जनकल्याण जैसे विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं और केंद्रशासित प्रदेश के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनता को नमो एयरपोर्ट एवं नमो हॉस्पिटल समर्पित करेंगे। साथ ही आइकॉनिक ब्रिज, दमण कन्वेंशन सेंटर तथा निफ्ट परिसर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। ये परियोजनाएँ आधुनिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं, निवेश एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी। नया नागरिक हवाई अड्डा क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देकर आर्थिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री मोदी दमण में लगभग 1,340 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें नमो हवाई अड्डे का नया टर्मिनल भवन और नमो अस्पताल शामिल हैं। नया हवाई अड्डा टर्मिनल क्षेत्रीय हवाई संपर्क को अत्यधिक सुदृढ़ करेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देगा। दमण जिले का जिला अस्पताल नमो अस्पताल प्रतिदिन लगभग 1,500 ओपीडी रोगियों की देखभाल के लिए विकसित किया गया है। इससे लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी। प्रधानमंत्री लगभग 1,630 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। प्रमुख परियोजनाओं में आइकॉनिक ब्रिज, दमण कन्वेंशन सेंटर और दमण स्थित निफ्ट परिसर शामिल हैं। इन परियोजनाओं से आधुनिक बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, निवेश बढ़ेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा। प्रधानमंत्री केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं में कलपेनी द्वीप और कदमत द्वीप दोनों के पूर्वी और पश्चिमी किनारों पर बंदरगाह सुविधाओं का विकास शामिल है। इन बहुउद्देशीय घाटों के विकास से 300 मीटर तक की लंबाई वाले क्रूज जहाजों सहित बड़े यात्री जहाजों के लिए साल भर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। ये परियोजनाएं यात्रियों और माल की सुरक्षित एवं कुशल आवाजाही को सक्षम बनाएंगी। साथ ही मछली प्रबंधन, ईंधन वितरण, बर्फ आपूर्ति और नाव मरम्मत के लिए एकीकृत सुविधाएं प्रदान करेंगी। ये पहल समुद्री कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेंगी, स्थानीय मछुआरों की आजीविका में सहायता करेंगी, पर्यटन को बढ़ावा देंगी और द्वीपों के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देंगी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल नेतृत्व में बीते एक दशक में केंद्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव ने अभूतपूर्व विकास का अनुभव किया है। यह ऐतिहासिक आयोजन न केवल विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा, बल्कि नया भारत और विकसित केंद्रशासित प्रदेश दादरा नगर हवेली एवं दमण-दीव के सामूहिक संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा। केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करता है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का स्वागत करें तथा विकास और जनभागीदारी के इस महापर्व को सफल बनाएं।

