– नवीन शुक्ला, अनिल सिंह, अरविंदभाई सहित गणमान्यजनों ने हवन में दी आहुति, 14 मई को पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आमंत्रण
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 13 मई। लवाछा के पिपरिया करमखल रोड पर स्थित शिवधारा रेसिडेंसी, शिवालिक रो हाउस, करमखल (काकड़ फलिया) परिसर में बुधवार 13 मई 2026 से दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं धार्मिक प्रसंग का श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हुआ। वैशाख वद एकादशी के अवसर पर शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं हवन के बीच श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बनी। बुधवार को सुबह 7:30 बजे से गणेश पूजन, जलयात्रा, पंचांग कर्म, स्थापित देव पूजा, प्रसाद वास्तु, कुण्डीय होम एवं धान्याधिवास जैसे धार्मिक कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुए। पूरे परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।
आयोजन के दौरान नवीन शुक्ला, अरविंदभाई एवं अनिल सिंह सहित अन्य मुख्य अतिथियों ने हवन-पूजन में बैठकर वैदिक रीति से आहुति दी और आयोजन की मंगलकामना की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं भक्तगण उपस्थित रहे। आयोजकों द्वारा जानकारी दी गई कि महोत्सव का मुख्य आयोजन गुरुवार 14 मई 2026 को सुबह 7:30 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें स्थापित देव पूजा, न्यास, स्थापना विधि, प्रतिष्ठा, शांति-पुष्टि होम, पूर्णाहुति एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3:30 बजे पूर्णाहुति तथा शाम 6:00 बजे से महाप्रसाद का आयोजन रखा गया है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद में शामिल हों तथा धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

