असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 13 मई। दामिनी वुमेंस फाउंडेशन द्वारा गुरुवार 14 मई को काटेला पार्टी प्लॉट में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में समाज के 10 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। दामिनी वुमेंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सिंपल काटेला ने जानकारी देते हुए बताया कि विवाह से जुड़े सभी पारंपरिक रीति-रिवाज एवं रस्में मेहंदी एवं ग्रह शांतक विधिवत संपन्न हो चुके हैं। आज सामूहिक विवाह समारोह में सभी जोड़े मंडप में एक साथ वैवाहिक संस्कार पूर्ण करेंगे। आयोजन स्थल पर मंडप सज्जा, अतिथियों के स्वागत, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। बारात शाम 5 बजे जलाराम मंदिर तीन बत्ती से काटेला पार्टी प्लॉट के लिए निकलेगी। समारोह में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रहेगी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक एकता, सहयोग और सामूहिकता का प्रतीक है, जो समाज में समरसता को बढ़ावा देता है। सम्मेलन में वलसाड के शिवम महाराज, भागवताचार्य मनोजभाई शुक्ल, ब्रह्माकुमारी संचालिका कांता दीदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दामिनी वुमेंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सिंपल काटेला ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नवयुगलों को आशीर्वाद प्रदान करने की अपील की है।

