asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक विजय पर दमण में भाजपाईयों ने निकाली भव्य बाइक रैली

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 04 मई।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की बंगाल, आसाम, और पॉंडिचेरी में हुई ऐतिहासिक एवं बंपर जीत के उपलक्ष्य में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया के नेतृत्व में आज दमण शहर में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।
रैली का शुभारंभ मशाल चौक से शाम को हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यह बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नानी दमण बस स्टैंड पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं द्वारा नारेबाजी कर विजय का उत्सव मनाया गया।
इस भव्य बाइक रैली की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेश आगरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमने पाँच राज्यों के विधानसभा चुनावों में से तीन राज्यों में विजय हासिल की है और ख़ासकर पश्चिम बंगाल की आज की यह भव्य विजय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। आजादी के पश्चात प्रथम बार बंगाल में हुई भाजपा की यह जीत देश के उज्ज्वल भविष्य और राज्य के विकास की निरंतर गति का संकेत है। पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता से जुड़ाव ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। आज मैं उन सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देता हूँ जिन्होंने अपने ख़ून पसीने से इस जीत की नींव रखी है और आशा करता हूँ कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा में लगे रहेंगे।
रैली के समापन के पश्चात कार्यकर्ताओं द्वारा पटाखे फोड़कर एवं मिठाई वितरित कर जीत की खुशी मनाई गई। अंत में पार्टी की ओर से सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस आयोजन को सफल एवं भव्य बनाया। आज के कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख नेताओं में दमण- दीव के पूर्व सांसद लालू पटेल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रचारक रहे विशाल टंडेल, दमण जिला पंचायत के अध्यक्ष धरम पटेल, दमण नगरपालिका की अध्यक्षा दीपिका टंडेल, दमण जिला भाजपा के अध्यक्ष भरत पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts

दानह के दुधनी और करचौंड में सरकार आपके द्वार लोक दरबार का हुआ आयोजन

Asli Azadi

दादरा नगर हवेली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम

Asli Azadi

पर्यटन उद्योग की लाइफ लाइन दमण के तीन बत्ती – देवका मुख्य मार्ग का युद्धस्तर पर नवीनीकरण का कार्य जारी

Asli Azadi

Leave a Comment