asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

दमण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एनडीएमए के समन्वय से टेबल टॉक अभ्यास का किया आयोजन

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 18 दिसंबर। दमण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से 20 दिसंबर 2024 को आयोजित होने वाले रासायनिक आपदा और तटीय सफाई के मॉक अभ्यास की तैयारियों के तहत एक टेबल टॉक अभ्यास का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया और आपदा प्रबंधन की प्रभावी रणनीतियों पर चर्चा की। इस टेबल टॉक अभ्यास का उद्देश्य आगामी मॉक अभ्यास की कार्य योजना को अंतिम रूप देना, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करना और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए रणनीतियों को विकसित करना था। इसमें एनडीआरएफ, कोस्टगार्ड, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण विशेषज्ञों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों सहित प्रमुख भागीदारों ने सक्रिय भागीदारी की। अभ्यास के दौरान रासायनिक आपदा और तटीय क्षेत्र में तेल रिसाव जैसी घटनाओं के दौरान संभावित खतरों, सुरक्षा उपायों और बचाव कार्यों के लिए विभिन्न परिदृश्यों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि सभी हितधारक अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों के प्रति जागरुक हों। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कमांडेंट आदित्य कुमार ने इस अवसर पर बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य आपदा प्रबंधन की क्षमता को बढ़ाना और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है। यह टेबल टॉक अभ्यास हमें मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार करेगा। 20 दिसंबर 2024 को आयोजित होने वाला मॉक अभ्यास क्षेत्र की आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस अभ्यास के दौरान वास्तविक समय में विभिन्न परिदृश्यों पर कार्रवाई कर आपदा प्रबंधन के तरीकों का मूल्यांकन किया जाएगा। गौरतलब है कि यह अभ्यास संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण एवं दीव के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

Related posts

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से बातचीत की

Asli Azadi

भारत ने साउथ एशियन रॉकबॉल चैंपियनशिप में नेपाल को हराकर गोल्ड मेडल जीता: वलसाड के आरव पटेल का इंटरनेशनल लेवल पर शानदार प्रदर्शन

Asli Azadi

आंबोली ग्राम पंचायत में सरकार आपके द्वार लोक दरबार का हुआ आयोजन

Asli Azadi

Leave a Comment