असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 28 नवबंर। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में 27 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर दमण जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर सोसाइटी एजीओ द्वारा जिले के 10 से अधिक गांवों एवं विभिन्न सामुदायिक क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, सामूहिक शपथ ग्रहण और कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण समुदायों, महिलाओं, बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बच्चों के शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। दमण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े प्रतिनिधियों, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं, बच्चों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा अपने गांव और समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करेंगे। 27 नवंबर को दमण के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। आटियावाड़, कचीगाम, पटलारा, जंपोर, मरवड़, कड़ैया, भीमपोर, दुनेठा, दाभेल, रिंगणवाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के दौरान बच्चों और महिलाओं ने बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ ली। कई स्थानों पर जागरूकता रैली और कैंडल मार्च निकालकर समाज को यह संदेश दिया गया कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना और उन्हें शिक्षा का अवसर देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अभियान की विशेष पहल के अंतर्गत दमण के प्रसिद्ध जंपोर बीच पर भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों को भी बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुप्रथा नहीं, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों, शिक्षा और उज्जवल भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी इस जागरूकता अभियान में भागीदारी करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के संकल्प का समर्थन किया। विभिन्न गांवों और बस्तियों में आयोजित कैंडल मार्च के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की गई। बच्चों, महिलाओं, पुरुषों और समुदाय के अन्य सदस्यों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर यह संदेश दिया कि किसी भी बच्चे का बचपन कम उम्र में विवाह के कारण समाप्त नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, समाज, पंचायत, शिक्षण संस्थानों और प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस अवसर पर प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर सोसाइटी के प्रतिनिधि अमोल मेश्राम ने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ हमारी लड़ाई केवल एक सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश की बेटियों को उनका बचपन, शिक्षा, सुरक्षा और अपने भविष्य के फैसले स्वयं लेने का अधिकार दिलाने का प्रयास है। हम पिछले तीन वर्षों से सरकार, प्रशासन और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। 27 नवंबर को दमण के 10 से अधिक गांवों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में जिस तरह महिलाओं, बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पैरा लीगल वॉलंटियर्स और स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी की, वह समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। जंपोर बीच पर पर्यटकों को भी इस अभियान से जोड़ना हमारी एक विशेष पहल रही। हमारा विश्वास है कि जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति बाल विवाह के खिलाफ खड़ा नहीं होगा, तब तक इस सामाजिक बुराई को पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है। हमारा लक्ष्य है कि दमण का प्रत्येक गांव बाल विवाह मुक्त बने और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा तथा बेहतर भविष्य का अवसर मिले। कार्यक्रम के अंत में प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर सोसाइटी ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों का आभार व्यक्त किया। संस्था की ओर से संदेश दिया गया कि बाल विवाह की किसी भी जानकारी को नजरअंदाज न करें, समय रहते संबंधित अधिकारियों को सूचित करें और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आएं। बाल विवाह मुक्त भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर बच्चे के सुरक्षित बचपन, शिक्षा और सम्मानजनक भविष्य का संकल्प है।

