asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

वापी के ज्वेलर्स से फिरौती मांगने और जानलेवा हमला करने मामले के तीन आरोपियों को वलसाड पुलिस ने किया गिरफ्तार

  • बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी देने वाले गोल्डी गैंग और हरी ढिल्लों के बीच कोई कनेक्शन है इसकी भी पुलिस कर रही है जांच
  • दुबई में बैठे गैंगस्टर हरी ढिल्लों के इशारे पर वापी के ज्वेलर्स से मांगी गई थी 5 करोड की फिरौती, छोटे भाई पर किया गया जानलेवा हमला
  • पुलिस ने गिरफ्तार तीन आरोपियों को वापी कोर्ट में किया पेश: 8 दिन की मिली पुलिस कस्टडी रिमांड

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, वापी 18 नवंबर। वलसाड जिला पुलिस ने फिरौती और हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दुबई से गैंगस्टर हरजिंदर सिंह उर्फ हरी ढिल्लों के इशारे पर वलसाड जिले के वापी में एक सोने के व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर उसे तथा उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी साजिश के तहत व्यापारी के छोटे भाई पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गत 3 नवंबर 2026 को शिकायतकर्ता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज आया था। इसमें कॉल करने वाले ने स्वयं को हरजिंदर उर्फ हरी ढिल्लों तथा रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा बताते हुए शिकायतकर्ता से 5 करोड़ रुपये की फरौती मांगी थी। साथ ही धमकी दी गई थी कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो शिकायतकर्ता और उसके छोटे भाई की हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद 17 नवंबर 2026 को दोपहर के समय वापी स्थित महात्मा गांधी मार्केट के शॉपिंग सेंटर में एक सनसनीखेज वारदात हुई। शिकायतकर्ता का छोटा भाई जो इस मामले में घायल हुआ है, शॉपिंग सेंटर के जनरल वॉशरूम में गया था। जब वह वॉशरूम से बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने छुरी और कोयते जैसे धारदार हथियारों से उसके सिर के पीछे, गर्दन और पीठ पर कई वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे। इस दौरान एक आरोपी लवप्रीत सिंह को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। इस मामले में वापी टाउन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 109(1), 119(2), 308(2), 308(4), 351(2), 351(4), 352 एवं 61(2)(ए) तथा गुजरात पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरत रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रेमवीर सिंह तथा वलसाड जिला पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह जाडेजा तथा वापी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक बी. एन. दवे के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। एलसीबी वलसाड, एसओजी वलसाड और वापी टाउन पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। इसी दौरान एलसीबी वलसाड के पुलिस उपनिरीक्षक जे.जी. परमार की टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों को सूरत से गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार पुलिस ने मामले में शामिल तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में पकड़ने में सफलता प्राप्त की। पुलिस पूछताछ में इस पूरे मामले के पीछे की साजिश से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी जुगराज उर्फ युवराज सुखदेव सिंह वर्ष 2024 से 2026 के दौरान दुबई में ट्रक चालक के रूप में काम करता था। इसी दौरान दुबई में एक दुर्घटना से जुड़े मामले में उसे गिरफ्तार कर अल बरशा जेल में सात दिनों तक रखा गया था। वहां उसकी मुलाकात पंजाब के मानसा जिले के मूल निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ हरी ढिल्लों से हुई थी। हरी ढिल्लों दुबई में एक अन्य आपराधिक मामले में जेल में बंद था और खुद को गैंगस्टर बताता था। जेल में हुई इस मुलाकात के बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। बाद में जुगराज को दुबई से डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया। इसके बावजूद हरजिंदर उर्फ हरी ढिल्लों व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से उसे आपराधिक गतिविधियों के लिए निर्देश देता रहा। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी हरी ढिल्लों ने जुगराज को मुंबई में एक इंटीरियर डेकोरेशन सर्विस कार्यालय में तोड़फोड़ करवाने का काम सौंपा था, जिसे उसने अपने साथियों के माध्यम से अंजाम दिलवाया था। पुलिस जांच के अनुसार करीब 20 दिन पहले हरी ढिल्लों ने जुगराज उर्फ युवराज को वापी के एक सोने के व्यापारी को डराने और धमकाने के लिए उस पर हमला करवाने की जिम्मेदारी दी थी। इस काम के बदले प्रत्येक को 50-50 हजार रुपये देने का तय किया गया था। इसके बाद जुगराज ने अपने परिचित लवप्रीत सिंह निर्मल सिंह और अमोलक सिंह बक्षीश सिंह को इस साजिश में शामिल किया। तीनों आरोपी 12 नवंबर को अमृतसर से ट्रेन के जरिए वापी पहुंचे और 13 नवंबर को यहां एक गेस्ट हाउस में ठहरे। इस दौरान हरी ढिल्लों ने उन्हें निशाना बनाए जाने वाले व्यक्ति की लोकेशन और फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी थी। आरोपियों ने व्यापारी की दुकान अभिषेक ज्वेलर्स की रेकी की और किराये पर मोपेड लेकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी। 17 नवंबर को तीनों आरोपी ज्वेलर्स के आसपास निगरानी कर रहे थे। जैसे ही व्यापारी का छोटा भाई दोपहर में वॉशरूम जाने के लिए निकला, आरोपियों ने उसका पीछा किया। लवप्रीत अपने बैग में कोयता और अमोलक सिंह अपने बैग में छुरी लेकर आया था, जबकि जुगराज ने पूरी वारदात का वीडियो बनाने की जिम्मेदारी संभाली थी। हमले के दौरान दोनों आरोपियों ने घायल युवक की पीठ पर धारदार हथियारों से वार किए। वहीं जुगराज ने मोबाइल फोन में हमले का वीडियो बनाया और तत्काल उसे दुबई में बैठे हरी ढिल्लों को भेज दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। वलसाड पुलिस ने कुछ ही घंटों में वापी तथा सूरत से आरोपियों को धरदबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह निर्मल सिंह (30 वर्ष), जुगराज उर्फ युवराज सुखदेव सिंह (35 वर्ष) और अमोलक सिंह बक्षीस सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पंजाब के अमृतसर और तरनतारन जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को वापी की अदालत में पेश कर आठ दिनों का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया है। मामले की आगे की जांच एसओजी वलसाड के पुलिस निरीक्षक डी. डी. परमार कर रहे हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क, फिरौती की साजिश और दुबई में बैठे कथित मुख्य आरोपी की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है। इस सफल कार्रवाई में एलसीबी वलसाड के पुलिस निरीक्षक ए.यू. रोज, एसओजी वलसाड के पुलिस निरीक्षक डी.डी. परमार, वापी टाउन पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक के.बी. झाला, पुलिस उपनिरीक्षक जे.जी. परमार, आर.डी. पाटिल, आर.के. प्रजापति तथा एलसीबी, एसओजी और वापी टाउन पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीमवर्क के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि गोल्डी ढिल्लों द्वारा बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दिए जाने के बीच, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इसका कोई संबंध हरी ढिल्लों से है। हरी ढिल्लों दुबई की जेल से एक गिरोह चलाता है और कल वापी में एक ज्वेलर्स के छोटे भाई पर हुए जानलेवा हमले के पीछे भी उसी का हाथ था, यह हमला 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग को लेकर किया गया था।

Related posts

गुजरात 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी: दानह एवं दमण-दीव का लगातार तीसरे साल शानदार प्रदर्शन, 91.13% रहा परीक्षा का परिणाम

Asli Azadi

दमण में ड्रग्स नियंत्रण अधिकारियों का हुआ राष्ट्रीय संमेलन

Asli Azadi

दमण में मराठा सेवा संघ का मनाया गया 36वां वर्धापन दिवस

Asli Azadi

Leave a Comment