asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर प्रशासक प्रफुल पटेल की हुंकार: आदिवासियों को धर्म और संस्कृति से भटकाने वालों को किया आगाह

– आदिवासी समाज भारत का गौरव है और उसका सशक्तिकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है: प्रशासक प्रफुल पटेल – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में दादरा एवं नगर हवेली में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विकास हो रहा है: प्रशासक प्रफुल पटेल – प्रशासक प्रफुल पटेल ने 2025 में आज ही के दिन भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर सार्वजनिक मंच से खानवेल चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम से करने और भव्य भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने का वादा किया पूरा – खानवेल में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में धर्मांतरण के मुद्दे पर प्रशासक का कड़ा संदेश, कहा: जो अपना इतिहास भूल जाता है, उसका भविष्य अंधकारमय हो जाता है – आदिवासी समाज के युवाओं को वनरक्षक नियुक्ति पत्र सौंपे, बाल विवाह रोकने और नशामुक्त समाज बनाने की दिलाई सामूहिक शपथ
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 15 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन की ओर से खानवेल के आदिवासी बहुल क्षेत्र स्थित भगवान बिरसा मुंडा विद्यालय परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोगों की उपस्थिति में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में संघ प्रदेश के प्रशासक प्रफुल पटेल ने अपने संबोधन में आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा का आह्वान करते हुए धर्मांतरण के मुद्दे पर भी कड़ा संदेश दिया। प्रशासक प्रफुल पटेल ने भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक संघर्ष और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के जल, जंगल, जमीन, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अंग्रेजी शासन के दौरान आदिवासी समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ भगवान बिरसा मुंडा ने जनआंदोलन और सशस्त्र संघर्ष का नेतृत्व किया। उनके संघर्ष से भयभीत अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। उनके अद्वितीय बलिदान और समाज के प्रति समर्पण के कारण आदिवासी समाज उन्हें भगवान के रूप में पूजता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि देश की नई पीढ़ी जनजातीय नायकों के संघर्ष, योगदान और बलिदान से परिचित हो सके। अपने संबोधन में प्रशासक प्रफुल पटेल ने दादरा नगर हवेली में धर्मांतरण के मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर उनकी मूल धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और संस्कृति से दूर करने का प्रयास करने वाले लोग सावधान हो जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को छोटी-छोटी सुविधाओं या प्रलोभनों के माध्यम से अपने धर्म और संस्कृति से दूर करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासक ने कहा कि आदिवासी समाज की समस्याओं और जरूरतों को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन और संघ प्रदेश प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी परिवार को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास या अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है तो प्रशासन उसकी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रत्येक आदिवासी परिवार को अपना परिवार मानता है और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करना अपनी जिम्मेदारी समझता है। उन्होंने आदिवासी समाज को संबोधित करते हुए कहा कि जो समाज अपने इतिहास और पूर्वजों के बलिदान को भूल जाता है, उसका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूक रहना चाहिए। प्रशासक प्रफुल पटेल ने पिछले दस वर्षों में संघ प्रदेश प्रशासन द्वारा आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों और संचालित योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रशासन ने विशेष प्रयास किए हैं। नमो मेडिकल कॉलेज के माध्यम से डेढ़ सौ से अधिक आदिवासी बच्चों को चिकित्सक बनने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से आदिवासी बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हस्तकला, स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने आवास योजना, हर घर नल योजना, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, प्रत्येक गांव और घर को पक्की सड़कों से जोड़ने, सौर ऊर्जा योजना सहित विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आदिवासी समाज के प्रत्येक परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर समारोह में आदिवासी समाज के कई युवाओं को प्रशासक प्रफुल पटेल के हाथों वनरक्षक पद के नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में आने वाले युवाओं को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ समाज तथा देश की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने आदिवासी समाज के महान नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी, निर्माण और विकास में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज के युवाओं को अपने पूर्वजों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के लिए काम करना चाहिए। प्रशासक प्रफुल पटेल ने आदिवासी समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने के लिए उपस्थित हजारों लोगों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने समाज में आत्महत्या जैसी गंभीर समस्या को रोकने के लिए सामूहिक जागरूकता, आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति निराशा और अकेलेपन के कारण गलत कदम उठाने के लिए मजबूर न हो। कार्यक्रम के दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल ने खानवेल रिवरफ्रंट के प्रस्तावित विकास मॉडल को भी उपस्थित लोगों के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। जैसे ही उन्होंने खानवेल रिवर फ्रंट का मॉडल प्रदर्शित किया, विद्यालय परिसर में उपस्थित हजारों आदिवासी समाज के लोगों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से प्रसारित विशेष संबोधन का सीधा प्रसारण भी भगवान बिरसा मुंडा विद्यालय परिसर में किया गया। प्रशासक प्रफुल पटेल सहित मंच पर उपस्थित अतिथियों और हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन देखा और सुना। इस भव्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष निशा भावर, सिलवासा नगरपालिका अध्यक्ष सोमनाथ पाटिल, दमण-दीव के पूर्व सांसद लालू पटेल, दानह के पूर्व सांसद सीताराम गवली एवं पूर्व सांसद नटू पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेश आगरिया, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अवधेश सिंह चौहान, प्रशासक के सलाहकार अंकुर गर्ग, जिला कलेक्टर प्रियांक किशोर, दमण जिला पंचायत अध्यक्ष धरम पटेल, दमण नगरपालिका प्रमुख दीपिका टंडेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

सांसद उमेश पटेल ने सीपीसीबी चेयरमैन वीर विक्रम यादव से मुलाकात कर वापी और उससे संबद्ध औद्योगिक इकाइयों से दमण में फैल रहे प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

Asli Azadi

पीएम मोदी के दमण दौरे को लेकर भाजपा ने भेंसरोल ग्राम पंचायत में किया जनसंवाद कार्यक्रम, नागरिकों को दिया आमंत्रण

Asli Azadi

दमण पुलिस ने उद्योग भवन के बाहर नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी वाहनों पर की कार्रवाई, काटे चालान

Asli Azadi

Leave a Comment