– बिहार वेलफेयर एसोसिएशन 25 वर्षों से आयोजित कर रहा है भव्य छठ महापर्व – छठ घाट की साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारी
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 13 नवंबर। लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं प्रकृति के प्रति श्रद्धा का महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर बिहार वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा 15 नवंबर 2026 को दमणगंगा रिवरफ्रंट पर भव्य छठ पूजा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। बिहार वेलफेयर एसोसिएशन पिछले लगातार 25 वर्षों से इस पावन पर्व का आयोजन करता आ रहा है। यह आयोजन अब क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा बन चुका है। प्रत्येक वर्ष इस कार्यक्रम में गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से 15,000 से अधिक श्रद्धालु एवं छठ व्रती शामिल होकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। इस वर्ष भी बिहार वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में एसोसिएशन की टीम पिछले 7 दिनों से दमणगंगा रिवरफ्रंट पर साफ-सफाई, घाट की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों में लगातार जुटी हुई है, ताकि छठ पूजा में आने वाले किसी भी श्रद्धालु एवं व्रती को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस सेवा कार्य में डॉ. के.पी. सिंह, बिपुल सिंह, रामबाबू चौधरी, अखिलेश कुमार, विनय सिंह, प्रमोद सिंह सहित बिहार वेलफेयर एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य है कि हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित छठ घाट उपलब्ध कराया जाए। घाट की साफ-सफाई से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे, स्वच्छता, अनुशासन और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का भी संदेश देता है। बिहार वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सभी छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार इस पावन आयोजन में शामिल होने की अपील की जाती है।

