asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

छठ महापर्व को लेकर सिलवासा में भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध, प्रशासन ने जारी किया आदेश

– 15 नवंबर शाम 4 बजे से 9 बजे तक और 16 नवंबर सुबह 4 बजे से 9 बजे तक तीन प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा प्रतिबंध

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 13 नवंबर। छठ महापर्व के अवसर पर दादरा एवं नगर हवेली जिले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। उपखंड दंडाधिकारी अमित कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत 13 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर जिले के तीन प्रमुख मार्गों पर ट्रक, मालवाहक वाहनों एवं भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार छठ पूजा के अवसर पर 15 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक दमणगंगा नदी तट, रास रिसोर्ट होटल के समीप, चेक डैम तथा नक्षत्र वन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार निम्नलिखित मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। शहीद चौक से यात्री निवास होते हुए अथाल पुल तक तथा इसी मार्ग से वापस आने-जाने पर प्रतिबंध रहेगा। रिंग रोड पर पिपरिया से यात्री निवास होते हुए अथाल पुल तक तथा वापसी के मार्ग पर प्रतिबंध रहेगा। रिंग रोड पर समरवर्णी से अयप्पा मंदिर होते हुए यात्री निवास से अथाल पुल तक तथा वापसी के मार्ग पर प्रतिबंध रहेगा। आदेश के अनुसार 15 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक तथा 16 नवंबर 2026 को सुबह 4 बजे से सुबह 9 बजे तक ट्रक, मालवाहक एवं भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और 15 से 16 नवंबर 2026 तक दो दिनों के लिए प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात विभाग को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वाहन चालकों से निर्धारित समयावधि में प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।

Related posts

यूएसए के बर्मिंघम-अलबामा में अंतर्राष्ट्रीय पुलिस एंड फायर गेम्स का 27 जून से होगा आयोजन

Asli Azadi

वणाकबारा के गोमती माता बीच पर समुद्र में डूब रहे मछुआरे को पुलिस के जवान ने बचाया

Asli Azadi

टाइगर ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष तानाजी भाऊ जाधव का सिलवासा आगमन: दमण के शिव शक्ति ग्रुप के कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

Asli Azadi

Leave a Comment