asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

दादरा नगर हवेली प्रशासन ने निर्धारित किए छठ पूजा स्थल: श्रद्धालुओं के लिए जारी किए सुरक्षा दिशा-निर्देश

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 13 नवंबर। छठ महापर्व 2026 के आयोजन को लेकर दादरा नगर हवेली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सार्वजनिक सूचना जारी की है। जिला प्रशासन द्वारा 15 एवं 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा के मद्देनजर सिलवासा और खानवेल उपमंडल में पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए निर्धारित स्थलों की सूची जारी की गई है। साथ ही श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन द्वारा छठ पूजा के लिए आठ स्थान निर्धारित किए गए हैं। जिनमें रिवरफ्रंट, सिलवासा (रास रिसॉर्ट के निकट), रिवरफ्रंट, सिलवासा (विसर्जन कुंड की ओर), रिवरफ्रंट, सिलवासा (नक्षत्र वन की ओर), पिपरिया पुल, मसाट (बेन्सा नहर), डोकमरडी, बाविसा फलिया और दादरा शामिल हैं। खानवेल उपमंडल में निर्धारित पूजा स्थलों में दमणगंगा नदी तट (रखोली पुल) और बिंद्राबिन, खानवेल शामिल हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ पूजा के धार्मिक अनुष्ठान केवल निर्धारित स्थलों पर ही संपन्न करें तथा पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से करने में प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों का सहयोग करें। छठ पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने नौ महत्वपूर्ण सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। धार्मिक अनुष्ठान एवं अर्घ्य केवल निर्धारित और सुरक्षित चिह्नित स्थानों पर ही करें। गहरे पानी में न जाएं। नदियों, नहरों और अन्य जलस्रोतों के प्रतिबंधित अथवा बैरिकेडिंग वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें। बच्चों एवं बुजुर्गों पर परिवार के सदस्य लगातार निगरानी रखें। नदी किनारों, पुलों, तटबंधों एवं अस्थायी संरचनाओं पर भीड़ न लगाएं। निर्धारित प्रवेश और निकास मार्गों का ही उपयोग करें। तैरने का प्रयास न करें तथा निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे पानी में प्रवेश न करें। निर्धारित स्थलों पर लगाए गए सूचना-पट्टों और जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, स्वयंसेवकों तथा तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। ज्वलनशील पदार्थ अपने साथ न ले जाएं तथा जल निकायों, पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के पास पटाखों अथवा खुली आग का उपयोग न करें। घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें। प्लास्टिक अथवा अन्य कचरा नदियों एवं जल निकायों में न डालें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निकटतम तैनात अधिकारी, स्वयंसेवक अथवा आपातकालीन प्रतिक्रिया दल को सूचित करें। जिला प्रशासन द्वारा जारी सार्वजनिक घोषणाओं एवं मौसम संबंधी परामर्शों का पालन करें। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। जिसमें जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष: 1077 (टोल फ्री), दूरभाष नंबर: 0260-2412500, मोबाइल नंबर: 87800 01077 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और सुचारु प्रबंधन बनाए रखने में प्रशासन एवं संबंधित विभागों का सहयोग करें।

Related posts

रिंगनवाडा सरपंच चैताली कामली ने रिंगनवाडा स्कूल के विद्यार्थियों को कराया तिथि भोजन

Asli Azadi

दानह के सुरंगी ग्राम पंचायत में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Asli Azadi

निफ्ट टेक्सटाइल डिज़ाइन और फैशन मैनेजमेंट में आविष्कार का प्रदर्शन

Asli Azadi

Leave a Comment