असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 04 नवंबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया के मार्गदर्शन और प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री रत्नाकर जी की विशेष उपस्थिति में आज खानवेल जिला भाजपा की संगठनात्मक बैठक खानवेल जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। खानवेल जिला भाजपा अध्यक्ष सनी भीमरा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री रत्नाकर जी ने संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर विशेष जोर दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया ने भी जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने तथा पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस बैठक में प्रदेश भाजपा महामंत्री सुनील पाटिल, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं खानवेल जिला प्रभारी धर्मेश सिंह चौहान सहित खानवेल जिला भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के संकल्प के साथ बैठक में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

