asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

सिलवासा के खेरड़ी पंचायत क्षेत्र की नहर में केमिकल युक्त पानी छोड़ने का आरोप: ग्रामीणों में नाराजगी, प्रदूषण नियंत्रण विभाग से कार्रवाई की मांग

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा, 26 अक्टूबर। दादरा नगर हवेली के खेरड़ी पंचायत क्षेत्र में स्थित एचपीसीएल कंपनी द्वारा नहर में कथित तौर पर केमिकल युक्त पानी छोड़े जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। इस मामले में ग्रामीणों ने 25 अक्टूबर को विरोध कर संबंधित विभागों से जांच और उचित कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि नहर के पानी का उपयोग आसपास के क्षेत्र में बस रहे लोगों के अलावा पशु-पक्षी भी करते हैं। ऐसे में यदि पानी में रासायनिक पदार्थ मौजूद हैं, तो इससे पशुओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि नहर के आसपास स्कूल स्थित है और क्षेत्र में बोरवेल के पानी में भी केमिकल मिश्रित होने की संभावना की जांच की जानी चाहिए। इस मामले में खेरडी पंचायत के ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते इस मामले की जांच नहीं की गई, तो भविष्य में जल प्रदूषण के कारण लोगों और पशुओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने संभावित बीमारियों को लेकर भी चिंता व्यक्त की। इस मामले में खेरडी पंचायत के ग्रामीणों ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग से नहर के पानी के नमूने लेकर उसकी जांच कराने और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित कंपनी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ खेरड़ी पंचायत के सरपंच एवं उनकी टीम ने इस मामले में दादरा नगर हवेली जिला पंचायत और जिला प्रशासन से भी हस्तक्षेप करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में संचालित अन्य कंपनियों की भी जांच होनी चाहिए, ताकि पर्यावरण और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल नहर के पानी में केमिकल की मौजूदगी और उसके स्रोत की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच तथा पानी के नमूनों की रिपोर्ट से ही हो सकेगी।

Related posts

दमण की 450 वर्ष पुरानी नगरपालिका में मनाया गया लोकल सेल्फ गवर्नर्स डे

Asli Azadi

‘सुकून’ गाय के घी में मिलावट के मामले में मैसर्स सावत्ता फूड प्रोडक्ट्स पर विनियामक कार्रवाई: 8224 किलो से अधिक स्टॉक किया जप्त

Asli Azadi

केन्द्रीय बजट 2026-27 आत्मनिर्भर भारत को मजबूती देता है और समावेशी विकास की दिशा में ठोस कदम है: केन्द्रीय मंत्री निमूबेन बांभणिया

Asli Azadi

Leave a Comment