असली आजादी न्यूज नेटवर्क, वापी 24 अक्टूबर। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल तथा उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी द्वारा गुजरात राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति को अपनाते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक जी. एस. मलिक के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वलसाड जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,535.100 किलोग्राम गांजा युक्त मादक पदार्थ की गोलियां जप्त की हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जब्त किए गए मादक पदार्थ, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की कुल कीमत 12 करोड़ 67 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। गुजरात सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस महानिरीक्षक प्रेम वीर सिंह के मार्गदर्शन तथा वलसाड जिला पुलिस अधीक्षक युगराज सिंह जाडेजा के नेतृत्व में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और एंटी नारकोटिक्स विंग ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स विंग के पुलिस निरीक्षक एच. जी. रबारी तथा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप वलसाड (वापी कैंप) के पुलिस निरीक्षक डी.डी. परमार की टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक आर. पी. डोडिया, वाई. पी. हडिया तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने वापी तालुका के छीरी क्षेत्र में अहमदनगर के रजा गली इलाके में स्थित मोहम्मद अमीन मोहम्मद बासु खान के मकान पर छापेमारी की। यहां से गांजा युक्त मादक पदार्थ की गोलियां बरामद की गईं। इनका वजन 387.750 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 93 लाख 87 हजार 500 रुपये बताया गया है। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त मादक पदार्थ की आपूर्ति प्रदीपउर्फ मन्नू वर्मा निवासी दादरा श्री सांई कांप्लेक्स सिलवासा द्वारा की गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए दादरा नगर हवेली के दादरा क्षेत्र में तिघरा रोड पर लवाछा सीमा के पास स्थित उसकी कब्जे वाली दुकान पर छापा मारा। पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में प्रदीप उर्फ मन्नू वर्मा को गिरफ्तार किया और उसकी दुकान से गांजा युक्त मादक पदार्थ की गोलियां बरामद कीं। जिसका वजन 2,147.350 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य 10 करोड़ 73 लाख 67 हजार 500 रुपये बताया गया है। दोनों स्थानों से बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 2,535.100 किलोग्राम तथा कुल मूल्य 12 करोड़ 67 लाख 55 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री का कुल मूल्य 12 करोड़ 67 लाख 65 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पहला मोहम्मद अमीन मोहम्मद बासु खान (46 वर्ष), व्यवसाय से व्यापारी, हाल निवासी छीरी, रजा गली, अहमदनगर, वापी, जिला वलसाड और मूल रूप से झारखंड के चतरा जिले के प्रतापुर थाना क्षेत्र के रामपुर का निवासी बताया गया है। दूसरा आरोपी प्रदीप उर्फ मन्नू, पुत्र रामतीर्थ वर्मा (28 वर्ष), व्यवसाय से व्यापारी, निवासी श्री साईं कॉम्प्लेक्स दादरा, मूल निवासी उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के तिरुआ थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। इस मामले में पुलिस अनूराग गुप्ता, निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश तथा सलमान इकबाल सिद्दीकी, निवासी घाटकोपर, मुंबई, महाराष्ट्र की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बीच आपसी सहयोग से मादक पदार्थों का कारोबार किए जाने की आशंका के संबंध में जांच जारी है। इस मामले में एंटी नारकोटिक्स विंग, वलसाड के पुलिस उपनिरीक्षक आर.पी. डोडिया ने पुलिस निरीक्षक एच.जी. रबारी की मौजूदगी में डुंगरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की आगे की जांच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, वलसाड (वापी कैंप) के पुलिस उपनिरीक्षक एस. आर. सुलसादे द्वारा की जा रही है। इस संयुक्त अभियान में एंटी नारकोटिक्स विंग और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। पुलिस प्रेस नोट में पुलिस निरीक्षक एच.जी. रबारी, डी.डी. परमार, पुलिस उपनिरीक्षक आर.पी. डोडिया, वाई.पी. हडिया और एस.आर. सिसोदिया सहित अन्य पुलिसकर्मियों के योगदान का उल्लेख किया गया है। वलसाड जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन या तस्करी समाज और आने वाली पीढि़यों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। यदि किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है, तो वह तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दे सकता है। इसके अलावा राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर भी जानकारी दी जा सकती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से नशामुक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।

