असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 24 अक्टूबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव भारतीय जनता पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के इरादे के साथ भाजपा की नवनियुक्त प्रभारी वर्षा दोशी ने प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के साथ मैराथन बैठक की है। बताया जाता है कि इस बैठक में भाजपा प्रभारी वर्षा दोशी ने बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर पर भाजपा की वास्तविक स्थिति, संगठन में जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारियों की कार्य प्रणाली, मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से चलाये जा रहे अभियानों एवं कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारियों, भाजपा के जनप्रतिनिधियों, भाजपा के कार्यकर्ताओं की कितनी सक्रियता रहती है उसका भी रिपोर्ट कार्ड मांगा है। आज की इस बैठक में दानह सांसद कला डेलकर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया, प्रदेश भाजपा महामंत्री जिग्नेश पटेल और सुनील पाटिल, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा निशा भावर, पूर्व सांसद नटू पटेल, पूर्व भाजपा अध्यक्ष दिग्विजय सिंह परमार सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा और संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव भाजपा की प्रदेश प्रभारी वर्षा दोशी का पहली बार दादरा नगर हवेली में आगमन होने पर उनका गर्मजोशी से भाजपा सांसद एवं भाजपाईयों द्वारा स्वागत एवं अभिवादन किया गया था।

