असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 20 अक्टूबर। विजयादशमी के पावन अवसर पर 20 अक्टूबर को श्री दमण जिला कोली पटेल समाज मंडल की विशेष सामान्य सभा समाज की वाडी भेंसलोर में आयोजित की गई। इस सभा में समाज के नये संविधान के अमलीकरण, संगठनात्मक पुन:रचना, नये नेतृत्व का गठन तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिये गये। इस सभा में समाज की एकता, संगठन और उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखते हुए उदय रमण पटेल को श्री दमण जिला कोली पटेल समाज मंडल का अध्यक्ष सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। इसी तरह युवा समिति के प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे जयेश मकन पटेल को श्री दमण जिला कोली पटेल समाज मंडल का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नये पदाधिकारियों ने समाज के तमाम वर्गों को साथ रखकर एकता, पारदर्शिता, जिम्मेदारी एवं संगठनात्मक अनुशासन के साथ समाज को विकास की नई दिशा में आगे ले जाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर दमण-दीव के सांसद उमेश पटेल द्वारा समाज की सेवा के लिए समर्पित किये गये मोक्षरथ विधिवत पूजा अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया। यह मोक्षरथ समाज के परिवारों को दु:खद अवसर पर अंतिम यात्रा के लिए उपयोगी साबित होगा। मानवसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी एवं समाज के प्रति समर्पण की भावना से की गई इस पहल का उपस्थित सभी महानुभावों ने सराहना की। इस सभा में आगामी 6 महीने में समाज के नये संविधान के अनुसार समग्र संगठन को और व्यवस्थित, सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए समबद्ध कार्य योजना निर्धारित की गई। इस बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। जिसमें प्रथम 3 माह सदस्य पद अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत समाज के अधिक से अधिक परिवारों एवं सदस्यों कोे संगठन के साथ जोडने के लिए व्यापक सदस्य पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान के बाद एक महीने में फलिया एवं ग्राम समिति की रचना की जाएगी। जिसके अंतर्गत प्रत्येक फलिया एवं गांव स्तर पर समाज का संगठन मजबूत बनाने के लिए नये संविधान अनुसार समितियों की रचना की जाएगी। फलिया एवं ग्राम समिति की रचना के बाद आगामी एक माह में कारोंबारी समिति का पुनर्गठन किया जाएगा। जिसके तहत कारोबारी समिति के खाली पडे पदों को भरा जाएगा और जरूरी उपसमितियों की रचना की जाएगी। सभा में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेकर समाज के उपप्रमुख जयेश पटेल को समाज की ओर से सोशल मीडिया, प्रेसनोट जारी करने तथा समाज संबंधित जानकारी के प्रचार प्रसार के लिए अधिकृत किया गया है। समाज के निर्णयों, कार्यक्रमों एवं प्रवृत्तियों की सही एवं अधिकृत जानकारी समाज के सदस्यों एवं आम जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी मकन पटेल संभालेंगे। समाज के शैक्षणिक , सामाजिक ,सांस्कृतिक, युवा एवं महिला विकास को प्राथमिकता देने के साथ प्रत्येक गांव एवं फलिया के सदस्यों को संगठन में योग्य प्रतिनिधित्व देने के संकल्प को फिर से दोहराया गया। विजयदशमी के पावन अवसर पर लिये गये ये निर्णय समाज के लिए नई शुरूआत के समान है। नये संविधान, नये नेतृत्व एवं समयबद्ध आयोजन द्वारा समाज को और संगठित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इस सभा में कोली समाज के अनेक अग्रणी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

