असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 8 सितंबर। दमण में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरटीओ के ठेकेदार कर्मियों द्वारा वाहन को टो करने वाली गाडी पर एक व्यक्ति को बांधकर ले जाते हुए देखा जा रहा है। यह वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। वहीं सांसद उमेश पटेल ने इस मामले को लेकर गंभीर चिंता जताई है। सांसद ने बताया कि यह वीडियो उन्हें किसी व्यक्ति द्वारा भेजा गया है और वीडियो के संबंध में बताया गया है कि घटना दमण की है। सांसद उमेश पटेल ने वीडियो को तत्काल दमण के पुलिस अधीक्षक केतन बंसल को भेजकर मामले की जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता की तुरंत जांच की जाए तथा वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान कर उसके साथ क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी प्राप्त की जाए। इस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नशे में चूर यह व्यक्ति आने-जाने लोगों को पत्थर मार रहा था। जिसकी वजह से ट्रैफिक नियंत्रण करने हेतु शहर में घूमने वाले टो-वाहन पर कार्यरत वालंटियरों ने उक्त उपद्रवी को बांधकर गाडी पर ले गए। उमेश पटेल ने कहा कि यदि यह घटना वास्तव में दमण की है और वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियां सही पाई जाती हैं तो यह बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला है। सांसद ने कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए और यदि किसी प्रकार का अपराध हुआ है तो जिम्मेदार लोगों को कानून के कटघरे में खड़ा किया जाना चाहिए।

