असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण/सिलवासा, 8 सितंबर। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 11 सितंबर को संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली तथा दमण-दीव के दौरे पर आने वाले हैं। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन द्वारा 11 सितंबर 2026 को सिलवासा में एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन करेंगे। यह समारोह दोपहर 3 बजे से डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कॉलेज ऑडिटोरियम, सिलवासा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास एवं जनकल्याण के विजन की झलक भी देखने को मिलेगी। देश के उपराष्ट्रपति के दमण आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उनके दौरे को केंद्र शासित प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल के अंदर किसी भी प्रकार का हैंडबैग ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दमण के विकास प्रोजेक्टों का भी दौरा कर सकते हैं।

