असली आज़ादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 11 अगस्त। दमण पुलिस ने व्हाट्सएप पर आरटीओ ई-चालान की फर्जी एपीके फाइल भेजकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य को झारखंड से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा जारी प्रेसनोट में बताया गया है कि, 27/04/2026 को तटीय पुलिस थाना कड़ैया में एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से आरटीओ ई-चालान के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई थी। शिकायतकर्ता द्वारा उक्त एपीके फाइल को अपने मोबाइल फोन में इंस्टॉल/ओपन करने के बाद उसका मोबाइल फोन हैक हो गया तथा उसके बैंक खाते से धनराशि निकाल ली गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर तटीय पुलिस थाना कड़ैया में गुनाह सं.08/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4), 336 (3) एवं 340 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान शिकायतकर्ता के मोबाइल पर प्राप्त एपीके फाइल का तकनीकी विश्लेषण किया गया। विश्लेषण से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर इस साइबर ठगी की वारदात में झारखंड के गिरिडीह जिले के निवासी मोहम्मद सगीर अंसारी की संलिप्तता सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमण पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार तटीय पुलिस थाना कड़ैया के थाना प्रभारी द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए झारखंड रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा झारखंड पहुंचकर संबंधित क्षेत्र में करीब 4-5 दिनों तक लगातार रेकी एवं तकनीकी जांच की गई। इस दौरान आरोपी के घर एवं उसके कार्यस्थल की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद सगीर अंसारी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह लोगों के मोबाइल नंबर पर आरटीओ ई-चालान के नाम से फर्जी एपीके फाइल व्हाट्सएप के माध्यम से भेजता था। जो व्यक्ति उक्त एपीके फाइल को अपने मोबाइल फोन में इंस्टॉल करता था, उसके मोबाइल फोन तक अनधिकृत पहुंच प्राप्त कर उसके बैंक खाते से धनराशि निकाल ली जाती थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा पीड़ित व्यक्ति के मोबाइल नंबर से उसके कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव अन्य मोबाइल नंबरों पर भी आरटीओ ई-चालान के नाम से वही फर्जी एपीके फाइल भेजी जाती थी। इस प्रकार आरोपी द्वारा एक पीड़ित के मोबाइल के माध्यम से उसके परिचितों को भी निशाना बनाया जाता था और साइबर ठगी के इस नेटवर्क को आगे बढ़ाया जाता था। आरोपी को माननीय न्यायालय, गिरिडीह (झारखंड) के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया, जिसके बाद उसे दमण लाया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय दमण के समक्ष पेश किया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद सगीर अंसारी, निवासी ग्राम भेमल, ब्लॉक गांडेय, जिला गिरिडीह, झारखंड के पास से पुलिस ने एप्पल आईफोन 16 प्रो मैक्स बरामद किया है। दमण पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि आरटीओ ई-चालान, ट्रैफिक चालान अथवा किसी अन्य सरकारी सेवा के नाम पर व्हाट्सएप / एसएमएस के माध्यम से प्राप्त किसी भी अज्ञात एपीके फाइल को अपने मोबाइल फोन में इंस्टॉल न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को खोलने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।

