असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 20 जुलाई। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल मार्गदर्शन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सचिव एवं स्टेट मिशन डायरेक्टर के दिशा-निर्देशन में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स रजिस्ट्री (एचपीआर) एवं हेल्थकेयर फैसिलिटीज रजिस्ट्री (एचएफआर) सैचुरेशन श्रेणी में संघ प्रदेश थ्रीडी को बेस्ट परफॉर्मिंग यूनियन टेरिटरी के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल तथा भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण एवं दीव के आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. तपन देसाई ने संघ प्रदेश की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया।
previous post

