असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 18 अक्टूबर। दादरा नगर हवेली जिले में चल रहे विभिन्न विकास कायार्ें एवं जनसुविधाओं का स्थल पर निरीक्षण करने के लिए संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासक प्रफुल पटेल ने तीन दिवसीय दौरा किया। शनिवार को संपन्न हुए दौरे से पहले प्रशासक प्रफुल पटेल ने दादरा नगर हवेली की विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न विकास प्रोजेक्टों और जनसुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण किया। प्रशासक प्रफुल पटेल ने अपने दौरे के तीसरे दिन सेल्टी पुल, दुधनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुधनी पुलिस स्टेशन, दुधनी शॉप, रिटेनिंग वॉल दुधनी, उप-जिला अस्पताल खानवेल, खडोली जंक्शन, सतमालिया प्रवेश द्वार, वसोना-पाटी मार्ग (ओडीआर-9) तथा आयुष अस्पताल पाटी का निरीक्षण किया। तीन दिवसीय निरीक्षण दौरे के दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं। दादरा नगर हवेली के दूरस्थ गांव कौंचा के दौरे के दौरान संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल का जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी महेश गावित ने सम्मान एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी की।

