असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 01 सितंबर। संघ प्रदेश थ्रीडी में प्रशासक प्रफुल पटेल के शासन के सफलतम् 10 पूरे होने के अवसर को सोमनाथ ग्राम पंचायत की सरपंच वर्षिका पीयूष पटेल ने अनोखे तरीके से मनाते हुए उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था की। सरपंच वर्षिका पटेल ने पहले चरण में 10 महिलाओं की कंप्यूटर ट्रेनिंग शुरू कराई। इन महिलाओं को कंप्यूटर ट्रेनिंग मिलने से उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। सरपंच वर्षिका पटेल ने कहा कि पिछले एक दशक में प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल नेतृत्व में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में महिला सशक्तिकरण अभियान गांव-गांव तक पहुंचा है। उनसे ही प्रेरणा लेकर मैंने हमारे क्षेत्र की महिलाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण की व्यवस्था की है। सरपंच वर्षिका पटेल ने कहा कि डिजिटल भारत तभी सशक्त होगा, जब हमारी देश की महिलाएँ भी डिजिटल रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनेंगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात महिलाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने कौशल के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

