asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

गुजरात और संघ प्रदेश थ्रीडी में मानसून ने अब पूरी ताकत दिखाई: पिछले 24 घंटों में विभिन्न इलाकों में 10 इंच से ज्यादा बारिश

अहमदाबाद/दमण/ सिलवासा (ईएमएस)। दक्षिण गुजरात और संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली एवं दमण में मानसून ने अब पूरी ताकत दिखानी शुरू कर दी है। पिछले 24 घंटों में गुजरात एवं संघ प्रदेश थ्रीडी के दो जिले दमण एवं दादरा नगर हवेली में भारी बारिश दर्ज की गई है। 20 दिन से ज्यादा के इंतजार के बाद आसमान से गिर रही बारिश लोगों के लिए राहत भरी थी। हालांकि पिछले 24 घंटे में 10 इंच से ज्यादा बारिश होने के चलते जिले के कुछ क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। लेकिन प्रशासन ने ग्राउंड जीरो पर टीमें लगाकर जल निकासी की व्यवस्था कर दी थी। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक व्यापक और कई क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार दक्षिण गुजरात और संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट लागू रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय गुजरात के ऊपर एक साथ चार प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इनमें ऑफ-शोर ट्रफ, मजबूत साइक्लोनिक सर्कुलेशन तथा अन्य अनुकूल मानसूनी परिस्थितियां शामिल हैं। इन प्रणालियों के कारण अरब सागर से बड़ी मात्रा में नमी वाली हवाएं लगातार गुजरात की ओर बढ़ रही हैं, जिससे पूरे सप्ताह जोरदार बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। दक्षिण गुजरात में सबसे अधिक चिंता की स्थिति बनी हुई है। वलसाड, नवसारी और सूरत, दमण, वापी, सिलवासा समेत कई जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, जबकि मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के निर्देश दिए गए हैं। निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को भी तैनात कर दिया गया है। वहीं, सौराष्ट्र क्षेत्र में भी अगले पांच दिनों तक अत्यधिक वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। जामनगर, राजकोट और जूनागढ़ सहित पूरे सौराष्ट्र में भारी बारिश का अनुमान है। लगातार वर्षा के चलते नदियों और नालों के उफान पर आने तथा बांधों में तेजी से जलस्तर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर डैमों के आसपास बसे गांवों को पहले से सतर्क कर दिया गया है। राज्य की राजधानी अहमदाबाद की बात करें तो यहां लोगों को अपेक्षाकृत राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि स्थानीय स्तर पर बादल गरजने, बिजली चमकने और कुछ समय के लिए तेज बारिश होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से जलभराव वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अगले कुछ दिनों तक मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

Related posts

प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष मिहिर केतन ने पासपोर्ट पुलिस वेरिफिकेशन में गुजरात की तर्ज पर सरलता की उठाई मांग

Asli Azadi

दमण-दीव सांसद उमेश पटेल ने जेडआरयूसीसी बैठक में वेस्टर्न रेलवे की यात्री सुरक्षा, ओवरक्राउंडिंग और दक्षिण गुजरात की उपेक्षा पर उठाये सवाल

Asli Azadi

दमण जिले के शहरी एवं ग्रामीण विस्तारों में विभिन्न पंडालों और घरों में विराजे गणपति बप्पा

Asli Azadi

Leave a Comment