असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 31 मार्च। भारत सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ अपने एक दिवसीय दौरे पर आज दीव पहुंचे। इस मौके पर दीव एयरपोर्ट पर उपस्थित संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के शीर्ष अधिकारियों ने संघ प्रदेश के प्रशासक प्रफुल पटेल की अगुवाई में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का भव्य स्वागत किया। आज सुबह लगभग 11:30 बजे संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत जलंधर स्थित नवनिर्मित एनेक्सी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां बालिकाओं द्वारा सुंदर सांस्कृतिक लोक नृत्य के जरिए उनका स्वागत किया गया। बालिकाओं द्वारा सुंदर सांस्कृतिक लोक नृत्य की प्रस्तुति से मंत्री जी भावविभोर दिखे। तत्पश्चात केन्द्रीय मंत्री ने यहां रिबन काटकर एवं ताज होटल ग्रुप को चाभी सौंपकर नवनिर्मित एनेक्सी सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। तदुपरांत केन्द्रीय मंत्री ने एनेक्सी सर्किट हाउस का अवलोकन किया और इसकी सराहना की। सर्किट हाउस स्थित कांफ्रेंस हॉल में प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ केन्द्रीय मंत्री को दीव में भावी पर्यटन विकास गतिविधियों से संबंधित दीव के प्रोमीनाड विकास एवं सेंट थॉमस चर्च के सैद्धांतिक दृश्यों से संबंधित वीडियो दिखाया गया। इसके उपरांत पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ जलंधर सर्किट हाउस का दौरा किया और फिर फोर्ट सर्किट हाउस का दौरा किया। फोर्ट सर्किट हाउस की सुंदरता एवं भव्यता से मंत्री जी अत्यंत प्रभावित हुए और उन्होंने इसके लिए संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल की सराहना की। दोपहर में पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ दीव फोर्ट का दौरा किया और इसके ऐतिहासिक महत्व एवं संघ प्रदेश प्रशासन द्वारा इसके कारगर प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने यह विश्वास व्यक्त किया कि दीव का यह फोर्ट और संपूर्ण दीव पर्यटन की असीम संभावनाओं को समेटे हुए है और संघ प्रदेशों के प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में पर्यटन के क्षेत्र में दीव नई उंचाईयों को छुएगा। इसके उपरांत पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ आईएनएस खुकरी मेमोरियल गए, जहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय नौसेना के अधिकारियों ने खुकरी मेमोरियल के महत्व को मंत्री जी के साथ साझा किया। तत्पश्चात पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एजुकेशन हब गए, जहां दीव कॉलेज एवं आईआईआईटी के विद्यार्थियों ने उन्हें एजुकेशन हब का दौरा कराया और साथ ही शिक्षा से संबंधित अभिनव प्रयोगों की प्रदर्शनी भी दर्शाई। इसके बाद भारत सरकार के पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।