असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 22 अक्टूबर। संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव में सही में भाजपा संगठन कागज पर शेर लेकिन जमीनी स्तर पर ढेर नजर आ रहा है। कुछ समय पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा का जब दमण दौरा हुआ था तो 500 लोग भी भाजपा संगठन मिलकर इकट्ठा नहीं कर पाया था। नवंबर में देश के 5 राज्यों में जो मतदान होना है उसके परिणाम 3 दिसंबर को घोषित होने वाले है। 5 राज्यों के परिणाम दादरा नगर हवेली और दमण-दीव दोनों लोकसभा सीटों पर असर करने वाले है। अगर इन चुनावों में भाजपा को झटका और कांग्रेस को मौका मिला तो इंडिया गठबंधन दादरा नगर हवेली सीट शिवसेना उद्धव गुट को देगा और दमण-दीव की सीट कांग्रेस के हिस्से में आयेगी। ऐसे में दोनों लोकसभा सीटों पर भाजपा का मुकाबला सीधा इंडिया गठबंधन से होगा। यहां बताना जरुरी है कि संघ प्रदेश थ्रीडी की दोनों लोकसभा सीटों पर चुनावी राज्य राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ के मतदाताओं की अच्छी खासी तादाद है। जो अपने-अपने राज्यों के सत्ता पक्ष के प्रभाव में इस प्रदेश में मतदान कर बडा उलट फेर कर सकते है। लोकसभा चुनाव सिर पर है, लोकसभा चुनाव को अब सिर्फ 4-5 महीने का समय बचा है फिर भी संघ प्रदेश थ्रीडी में भाजपा संगठन घोडे बेचकर सो रहा है। हां दिखावे के लिए लोकसभा प्रवास के नाम पर 5-10 लोग किसी के घर पहुंचकर फोटो सेशन कराकर खाना-पूर्ति जरुर कर रहे है। दमण-दीव की सीट भाजपा के लिए सुरक्षित सीट मानी जा रही है लेकिन संघ प्रदेश थ्रीडी के सर्वोच्च भाजपा नेता ने दमण-दीव लोकसभा सीट के मतदाताओं के बारे में अपने हाईकमान को जो रिपोर्ट भेजी है उसमें कोली पटेल मतदाता उनके समाज (माछीमार समाज) से लगभग आधे होने का दावा किया गया है। भाजपा नेता के इस प्रयोग ने दमण-दीव की सुरक्षित सीट को असुरक्षित करने का शायद फूल प्रूफ प्लान बना लिया है। क्योंकि सभी नागरिक जानते है कि दमण-दीव लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा कोली पटेल समाज के ही मतदाता है। दादरा नगर हवेली लोकसभा सीट पर तो संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा ने 2021 से ही जनाधार वाले नेताओं को साइड लाइन करना शुरु कर दिया था। जो अभी भी हाशिये पर है। जबकि दानह की जनता आज भी उनके साथ है। दमण-दीव और दादरा नगर हवेली के स्थानीय मतदाता भी संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा की दोधारी नीति के कारण दूरी बनाये हुए है। भाजपा संगठन को संबंधित विभागों के साथ तालमेल बैठाकर जनता की प्राथमिक जरुरतों एवं समस्याओं को दूर करना चाहिए लेकिन भाजपा के कुछ नेता और पदाधिकारी सुबह-शाम सिर्फ और सिर्फ प्रशासन को कोसने का एजेंडा चलाते है। गौरतलब है कि 2024 का लोकसभा चुनाव पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के लिए अति महत्वपूर्ण चुनाव है। पीएम मोदी के सीधे मार्गदर्शन में संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव पिछले 7 सालों में अद्भुत विकास हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर, समाज कल्याण, सुरक्षा, कनेक्टीविटी सहित सभी क्षेत्रों में प्रदेश ने विकास की ऊंची छलांग लगाई है। फिर भी संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा विकास और नागरिकों को मिली अद्भुत सुविधाओं के मुद्दों को साइड में रखकर व्यक्तिगत एजेंडों के चला रही है। इसके परिणाम स्वरुप 2024 में शायद दोनों सीटों से भाजपा हाथ धो सकती है।