असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 27 फरवरी। राष्ट्रीय भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आज से राष्ट्रीय स्तर पर सेल्फी विथ लाभार्थी कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बहनंे देशभर के लाभार्थियों के साथ सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया और नमो एप पर अपलोड करेंगी। देश भर में एक करोड़ सेल्फी लेने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा वनाथी श्रीनिवासन के नेतृत्व में देश भर में चलने वाले इस अभियान की आज दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रदेश भाजपा द्वारा प्रदेश में शरुआत की गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपेश टंडेल के मार्गदर्शन एवं प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा सिंपल काटेला के नेतृत्व में दमण जिला के विभिन्न मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किये गये। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा ज्योति पंड्या की उपस्थिति में दमण जिले में सेल्फी विथ लाभार्थी कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ज्योति पंड्या ने कहा कि आज हमारा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित प्रगति के नये अध्याय लिख रहा है। हमारी राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्षा वनाथी श्रीनिवासन के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा अब तक के सबसे बड़े एवं व्यापक लाभार्थी आउटरिच कार्यक्रमों में से एक को आरंभ करने जा रहा है। यह जोड़ने, सीखने, एक साथ चलने एवं कल्याणकारी राजनीति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और नारी शक्ति की भूमिका को भी उजागर करने की एक स्वर्णिम यात्रा है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता बहनें अपने-अपने क्षेत्र में उज्जवला योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, जनधन बैंक खाता योजना और मुफ्त शौचालय योजना के लाभार्थियों से मिलेगी और उन्हें अपने साथ सेल्फी लेने के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही महिला कार्यकर्ता लाभार्थी का नाम, योजना, जिला एवं राज्य की जानकारी भी अपलोड करेगी। यह कैम्पन अगले साल फरवरी तक चलेगा। प्रत्येक कार्यक्रम में महिला लाभार्थियों को अत्यधिक महत्व दिया जाएगा। दमण जिले में आज दुनेठा भाजपा मंडल, कचीगाम भाजपा मंडल, पटलारा भाजपा मंडल और सोमनाथ भाजपा मंडल में सेल्फी विथ लाभार्थी कार्यक्रम आयोजित किये गये। आज के इन कार्यक्रमों में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा सचिव दिपाली शाह, डीएमसी प्रमुख सोनल पटेल, प्रदेश भाजपा सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य फाल्गुनी पटेल, जिला पंचायत सदस्य रीना पटेल, जिला पंचायत सदस्य वर्षिका पटेल, सोमनाथ ग्राम पंचायत सरपंच चैताली कामली, दमण जिला भाजपा उपाध्यक्ष रुक्ष्मणी भानुशाली सहित भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।