asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश एक नई दिशा में आगे बढ रहा है: प्रफुल पटेल

– दमण में 74वां गणतंत्र दिवस और संघ प्रदेश थ्रीडी का चौथा विलयीकरण दिवस धूमधाम से मनाया गया – दिल्ली के कर्तव्यपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव की झांकी को पहली बार हिस्सा लेने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ, यह हम सभी के लिए गौरव की बात है: प्रशासक प्रफुल पटेल – दमण से दीव के बाद अब दीव से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग और दमण से मुंबई हेतु नई हेलिकॉप्टर सेवाएं आज से हुई शुरू: प्रशासक – इतिहास में पहली बार भारत को इस वर्ष जी-20 की अध्यक्षता का मौका मिला है यह सभी भारत वासियों के लिए गौरव की बात है, दीव जिले में भी जी-20 समिट का होगा आयोजन: प्रफुल पटेल – प्रशासक प्रफुल पटेल ने कई विकास प्रोजेक्टों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 27 जनवरी। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल की अध्यक्षता में दमण में हर्षोल्लासपूर्वक भारत का 74वां गणतंत्र दिवस और संघ प्रदेश थ्रीडी का चौथा विलयीकरण दिवस मनाया गया। 26 जनवरी को सुबह 9 बजे स्वामी विवेकानंद कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासक प्रफुल पटेल ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उपस्थित सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाया। तत्पश्चात विभिन्न विभागों के परेड प्लाटूनों ने मार्च पास्ट किया। इसमें कोस्टगार्ड, आईआरबी, पुलिस विभाग, अग्निशमन, वन विभाग सहित अन्य विभागों एवं विभिन्न स्कूली छात्र के प्लाटून शामिल थे। प्रशासक प्रफुल पटेल ने अपने संबोधन में सभी प्रदेशवासियों को 74वें गणतंत्र दिवस और संघ प्रदेश थ्रीडी के चौथा विलयीकरण दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत महत्व का दिन है। प्रशासक ने कहा कि हमारे संघ प्रदेश के लिए आज दोगुना आनंद का दिवस है। आज ही के दिन पूरे देश में संविधान लागू किया गया था। साथ ही आज के पावन दिन 4 वर्ष पूर्व दोनों संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण एवं दीव का विलयीकरण किया गया था। उन्होंने बताया कि इस विलयीकरण के माध्यम से दोनों संघ प्रदेश की सामाजिक एकता, वैचारिक एकता, प्रशासनिक व्यवस्था की अनुकूलता और एक दूसरे हेतु सद्भाव के वातावरण का निर्माण हुआ है। इससे सभी में एक संघ प्रदेश होने का भाव पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद संघ प्रदेश के लिए गौरव और आनंद का दिन है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि आज पहली बार दिल्ली के कर्तव्यपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव की झांकी को हिस्सा लेने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ है और यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि आज के दिन समाज में विशिष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया जाता है और यह हर्ष की बात है कि दीव के प्रेमजीत बारिया को पद्मश्री से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रशासक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं सशक्त नेतृत्व में देश एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चौमुखी विकास के कार्य हुए हैं और अन्य जरूरत हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयासरत हैं। साधारण मानवी के जीवन में बदलाव लाने हेतु, प्राथमिक जरूरतों को पूर्ण करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयासरत हैं परंतु मुझे ये बताकर आनंद हो रहा है कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश अनेक ऊंचाइयों को छू रहा है। इसके अनेकों उदाहरण है जो 6-7 वर्ष के कार्यकाल में हमने कल्पना न की हो ऐसे तमाम क्षेत्रों में विकास के कार्य किए है। उन्होंने बताया कि इसिहास में पहली बार भारत को इस वर्ष जी-20 की अध्यक्षता का मौका प्राप्त हुआ है यह बड़े गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि जी-20 की अध्यक्षता पूरे भारतवासियों के गौरव की बात है और हमारे संघ प्रदेश हेतु अति गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जी-20 का समिट दीव में आयोजित होने जा रहा है। प्रशासक ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश आत्मनिर्भर की दिशा में अग्रसर है। उनके नेतृत्व में देश की अपनी जरूरतें और व्यवस्था उत्पन्न करने हेतु उत्पादन के माध्यम से देश आगे बढ़ रहा है। एक समय था जब देश की सुरक्षा हेतु जो हथियारों की आवश्यकता थी वह दूसरे देशों से खरीदना पड़ता था। प्रफुल पटेल ने कहा कि अब देश बदल रहा है और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अब देश की सुरक्षा हेतु हथियारों का उत्पादन भारत में ही किया जा रहा है और दूसरे देशों को भी हमारा देश हथियारों का निर्यात कर रहा है, यह देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि थोड़े वर्षों पहले हमें हमारी आर्थिक स्थिति की बात करनी होती थी तो हमें बात करने हेतु अनुकूलता एवं आत्मविश्वास नहीं था परंतु आज भारत विश्व की 5वीं आर्थिक महासत्ता के रूप में उभरा है और इस गौरव को प्राप्त करने हेतु हम सभी को प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहिए। हमने भारत पर करीब 150 वर्ष तक राज करने वाले ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रशासक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की कौशलता, क्षमता को समझते हुए स्टार्टअप हेतु विशेष प्रयास किए है जिसके चलते करीब 84000 नए स्टार्टअप स्थापित किए गए है। उन्होंने कहा कि देश अपने विकास की यात्रा गतिशील है। उन्होंने बताया कि हमारे लिए यह गौरव की बात है कि सिलवासा में अहमदाबाद-मुंबई को जोड़ने वाले बुलेट ट्रेन कार्य खूब गति से चल रहा है और जल्द ही इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे देश में जहां भी विकास की बात की जाती है तो संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव का नाम जोड़ना ही पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुझे ये बताते हुए आनंद हो रहा है कि शिक्षा के क्षेत्र में संघ प्रदेश अनेक बुलंदियों को हासिल कर रहा है। पहले जब शिक्षा की बात की जाती थी तो खूब सीमित 2-3 महाविद्यालय थे और छात्रों को उच्च पढ़ाई करने हेतु बाहर जाना पड़ता था लेकिन प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं आशीर्वाद से संघ प्रदेश में आज के युवाओं हेतु जो क्षेत्र में अभ्यास करना हो वह तमाम सुविधाएं यहां उपलब्ध करा दी गई है। मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पैरामेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग डिग्री कॉलेज, फैशन डिजाइनिंग हेतु निफ्ट कॉलेज, लॉ कॉलेज (सेटेलाइट सेंटर) की सुविधा स्थानीय युवाओं हेतु उपलब्ध करा दी गई है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने बताया कि संघ प्रदेश प्रशासन ने स्थानीय युवाओं को रोजगार प्राप्त कराने हेतु गांव-गांव में रोजगार मेले का आयोजन कर प्रयास किए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में संघ प्रदेश पर्यटन क्षेत्र के रूप में उभरा है और इस दिशा में देवक एवं जंपोर के रिवरफ्रंट के सौंदर्यीकरण का कार्य किया है जिससे शनिवार-रविवार को सैकड़ों की संख्या में पर्यटकों का आना-जाना शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि दीव से दमण आने हेतु पहले 12-15 घंटे की यात्रा करनी पड़ती थी लेकिन कुछ वर्षों पूर्व दमण-दीव हेतु हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की गई थी परंतु अब दीव से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग एवं दमण से मुंबई हेतु नई हेलिकॉप्टर सेवाएं भी आज से शुरू की जा रही है तथा आने वाले दिनों में दीव से राजकोट हेतु हेलिकॉप्टर सेवाएं शुरू हो जाएगी। प्रफुल पटेल ने कहा कि जंपोर में पक्षी अभ्यारण्य का कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा और यह समग्र देश का सबसे बड़ा पक्षी अभ्यारण्य होगा। आने वाले दिनों में दमण एवं दीव में युवाओं हेतु गो-कार्टिंग भी संघ प्रदेश प्रशासन शुरू करने जा रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु दमण एवं दीव में फ्लोटिंग होटल भी जल्द से जल्द शुरू की जाएगी। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट जैसा ग्लो गार्डन निर्मित किया गया है वैसा ही ग्लो गार्डन नानी दमण किले निकट बनाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में प्रशासक प्रफुल पटेल के कर कमलों द्वारा संघ प्रदेश में कुल 19.84 करोड़ राशि के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और 30.37 करोड रूपयों की लागत के विशेष प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया गया। इसमें विभिन्न स्थलों पर 12.22 करोड रूपयों की लागत से कुल 14 अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स का लोकार्पण किया गया और 2.5 करोड रूपयों की लागत से सरकारी गौशाला का लोकार्पण किया गया। प्रशासक ने दमण में 3.28 करोड रूपयों की लागत से तीन नये हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर की नींव रखी। दमण में अधिक से अधिक सैलानियों को आकर्षित करने के लिए 5.31 करोड रूपयों की लागत से नानी दमण फोर्ट के आस-पास के विस्तार का सौंदर्यीकरण के प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास किया गया। इसी क्रम में जिला पंचायत, शिक्षा विभाग, वन विभाग, दमण औद्योगिक संघ, पर्यटन विभाग, नगरपालिका विभाग, पुलिस सहित विभागों ने अपने विभागों के कार्यों को दर्शाते हुए झांकी निकाली और सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद शिक्षा विभाग और खेल विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। सभी छात्रों ने बखूबी अपने कला का प्रदर्शन किया जिससे पूरा मैदान राष्ट्रभक्ति की धुन में लीन हो गया। तत्पश्चात विभिन्न विभागों द्वारा गत दिनों आयोजित की गई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशासक प्रफुल पटेल के हाथों पुरस्कार प्रदान किया गया। इसमें परेड, बेहतरीन कार्यालय सजावट, निजी संस्थान सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल-कूद में अव्वल रहे सभी को पुरस्कृत किया गया। इसी क्रम में पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान पेश किया गया और सभी ने एक सुर में राष्ट्रगान गाया। इसके बाद अतिथियों द्वारा त्रिरंगीय गुब्बारों को आसमान में छोड़ा गया। कार्यक्रम के अंत में प्रशासक प्रफुल पटेल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिए छात्रों एवं परेड के विभिन्न प्लाटूनों के संग फोटो भी लिए। राजकीय कार्यक्रम में दमण-दीव के सांसद लालू पटेल, दमण नगरपालिका अध्यक्षा सोनल पटेल, दमण-दीव के प्रथम सांसद गोपाल टंडेल (दादा), दमण जिला पंचायत प्रमुख मैत्री पटेल, चुने हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, स्कूली विद्यार्थियों एवं छात्रों की सहित दमण की आम जनता की मौजूदगी रही।

Related posts

वैक्सीनेशन के लिए 18 से अधिक उम्र वाले अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आए आगे : जिला प्रशासन

Vijay Bhatt

दमण जिला प्रशासन ने नानी दमण के विभिन्न विस्तारों में अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर

Vijay Bhatt

प्रशासक प्रफुल पटेल ने कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में लिया कोरोना का दूसरा टीका

Vijay Bhatt

Leave a Comment