असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 06 सितंबर। मोदी सरकार ने संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमण-दीव के लिए एं२ी डा ऊङ्म्रल्लॅ इ४२्रल्ली२२ की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाते हुए संघ प्रदेश थ्रीडी के उद्योगजगत द्वारा तैयार किये गये सामानों की ढुलाई के लिए करमबेली टर्मिनल (यार्ड) से मालवाहक ट्रेन की सुविधा उपलब्ध करायी है। दानह के उद्योगों में उत्पादित पॉलिएस्टर यार्न की पहली खेप मालवाहक ट्रेन में रवाना करने पहुंचे उद्योगपतियों के चेहरे पर खुशी साफ-साफ छलक रही थी। पिछले वर्ष दानह लोकसभा के उपचुनाव के दौरान केन्द्रीय रेल एवं दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जनता और उद्योगजगत से जो वादे किये थे उसमें उद्योगजगत को अपने सामानों की ढुलाई के लिए करमबेली टर्मिनल से सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया था। यह वादा भी केन्दीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूरा कर दिया। इससे कुछ दिन पहले संघ प्रदेश थ्रीडी में निवास करने वाले उत्तर भारतीय और राजस्थान समाज की दशकों पुरानी समस्या आवश्यक ट्रेनों के वापी में स्टॉपेज की मांग को भी पूरा करते हुए बांद्रा-गोरखपुर हमसफर सुपरफास्ट और सूर्यनगरी सुपरफास्ट ट्रेनों को वापी में स्टॉपेज दिलाया। जिससे दादरा नगर हवेली, दमण, वापी, वलसाड, उमरगाम, भिलाड़ के प्रवासियों का दशकों पुरानी समस्या का अंत हो गया। दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के 66 गांवों में 4जी नेटवर्क उपलब्ध कराकर स्कूली विद्यार्थियों एवं नागरिकों की समस्या का भी निवारण किया है। संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा अध्यक्ष दीपेश टंडेल ने बताया है कि दादरा नगर हवेली में हुए गत लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री अश्विनी वैष्णव को संघ प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाया गया था। अश्विनी वैष्णव ने सिलवासा आते ही प्रदेश भाजपा प्रभारी विजया रहाटकर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपेश टंडेल के साथ वहां की जनता को एक बहुत ही भावनात्मक आश्वासन दिया था कि आप भाजपा को यहां जीता दो आपको एक नहीं दो-दो सांसद मिलेगें। यानि की उन्होंने खुद को भी दादरा नगर हवेली के सांसद की तरह समर्पित करने का भरोसा दिया था। चुनाव के दौरान दादरा नगर हवेली के उद्योगपतियों एवं स्थानीय लोगों ने रेलवे और दूरसंचार संबंधित अपनी कई पुरानी समस्याएं अश्विनी वैष्णव को रुबरू बताई थी। चुनावी नतीजे विपरीत होते हुए भी अश्विनी वैष्णव दादरा नगर हवेली से जुड़े रहे और अपनी वचनबद्धता निभाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप, व्यापार करने में आसानी हो इस प्रकार के सुधार के लिए रेल मंत्रालय ने अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में डोर टू डोर लॉजिस्टिक्स प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। परिवहन का सस्ता, तेज, सुरक्षित, विश्वसनीय और पर्यावरण के अनुकूल साधन होने के नाते, रेलवे द्वारा औद्योगिक उत्पादों के परिवहन के लिए एवं उद्योगों को सुविधा जनक सेवा प्रदान करने हेतु मुंबई से दिल्ली तक फ्रेट कोरिडोर बनाया जा रहा है। इसी क्रम में दादरा नगर हवेली क्षेत्र के उद्योगों से 90 टन 20एफटी कंटेनरों में 1200 टन पॉलिएस्टर यार्न ले जाने वाली पहली ट्रेन 3 सितंबर 2022 को वापी के पास करमबेली टर्मिनल से पानीपत के लिए रवाना हुई। इस मालवाहक प्रवास को समाप्त करने में ट्रेन को 38-40 घंटे लगने की उम्मीद है, जबकि ट्रकों द्वारा इसकी समय लागत 82-90 घंटे तक की रहती हैं। पानीपत के मिंक इंडस्ट्रीज द्वारा कंबल, कालीन और अन्य तैयार माल के उत्पादन के लिए पॉलिएस्टर यार्न का उपयोग कच्चे माल के रूप में किया जाता है और दानह में भारत की सबसे बड़ी पोलिएस्टर इंडस्ट्रीज कार्यरत है। अत: फ्रेट कोरिडोर के माध्यम से मालवाहक ट्रेन सेवा से समय लागत में काफी कमी आने से देश के उद्योगों को लाभ होगा एवं उनके उत्पादों और उसके निर्यात को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी। इससे पहले रेलवे मंत्री ने प्रदेश के उत्तर भारतीयों और राजस्थान के लोगों की रेल संबंधी दशकों पुरानी ऐतिहासिक मांग को पूरा कर दिया गया था। बांद्रा-गोरखपुर हमसफर सुपरफास्ट और सूर्यनगरी सुपरफास्ट ट्रेनों को वापी में स्टॉपेज देकर दादरा नगर हवेली, दमण, वापी, वलसाड, उमरगाम, भिलाड़ के प्रवासियों का दशकों पुराना यात्रा संघर्ष समाप्त कर दिया था। इस ऐतिहासिक अवसर पर संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपेश टंडेल ने अपनी खुशी जताते हुए कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार और मंत्रियों ने हमेशा जनता से किए गए अपने वादों को निभाने को अग्रिम स्थान दिया है। केन्द्रीय रेल और दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दानह के दुर्गम आदिवासी विस्तारों के दर्जनों गाँवों में इंटरनेट की सुविधा हाल ही में उपलब्ध करायी है। दानह लोकसभा उपचुनाव प्रचार के दौरान अश्विनी वैष्णव ने इस विस्तार के नागरिकों एवं स्कूली विद्यार्थियों की इंटरनेट संबंधित समस्याओं को सुना और त्वरित निर्णय लेते हुए दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के 66 गावों में 4जी नेटवर्क उपलब्ध करा दिया। दीपेश टंडेल ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने अपने हर वादे को शीघ्रता से पूरा करके आज जनता में अपनी विश्वसनीयता को सिद्ध कर दिया है। इसके लिए मैं केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद करता हूं।