असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 21 जून। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में मोटी दमण बिच पर 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। दमण प्रशासन की ओर से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मोटी दमण बिच में योगासन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रशासक प्रफुल पटेल ने उपस्थित रहकर लोगों के साथ योग किया। बिच के सुरम्य तट पर हुए योगासन कार्यक्रम में प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्कूली बच्चों एवं दमणवासियों ने योगासन किया। योग प्रशिक्षक ने सभी को योग क्रियायें कराई। इस दौरान सभी ने प्राणायाम, अनुलोम-विलोम जैसे कई तरह के योगासन किए। जिसमें योग साधकों ने आनंद से योग किया। इस दौरान लोगों से स्वस्थ रहने के लिए योग करने का आह्वान किया गया। हर उम्र के लोगों ने तन-मन को प्रफुल्लित करने वाले योगासनों को बडे ही उत्साह के साथ किया। विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम करने के बाद लोगों ने खुद को तरोताजा महसूस करते हुए भारत की इस अद्भुत विद्या के बारे में जाना। आज का दिन भारत के लिए गौरव का क्षण है। क्योंकि हजारों साल पुरानी परंपरा को विश्व पटल पर मान्यता मिली थी। इसी तरह दमण के सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में योग कार्यक्रम हुआ।